आप यदि कोविड टीकाकरण के लिए जा रहे हैं तो पहले कोविन पोर्टल पर स्लॉट बुक करवा लें। ऐसा करने से आपको टीकाकरण में वरीयता मिलेगी। इसके बाद से आपको लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। इसे लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कहा है कि टीकाकरण से पहले सभी केंद्रों पर वयस्क नागरिकों को बैठने का भी इंतजाम किया जाए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि कोविन पोर्टल पर टीकाकरण के लिए पंजीकरण करवा कर स्लॉट बुक हो जाने से स्वास्थ्य विभाग को यह पता रहता है कि टीकाकरण के बूथों पर डिमांड कितनी है। डिमांड के अनुसार टीके की आपूर्ति की जाती है, जिससे सभी का टीकाकरण सुव्यवस्थित तरीके से संभव हो पाता है।
टीके की आपूर्ति के सापेक्ष जब अचानक बड़ी संख्या में लाभार्थी इकट्ठा हो जाते हैं तो कई बार टीके घट जाते हैं और लोगों को लौटना पड़ता है। इस असुविधा से बचने का सबसे बेहतर तरीका है कि पहले से स्लॉट बुक कर आएं। बताया कि अब पहले उन्हें ही टीका लगेगा जो पंजीकरण करवा कर और स्लॉट बुक करके आएंगे। उनको टीका लगने के बाद ही मौके पर पंजीकरण करवाने वालों को टीका लगाया जाएगा।
सहज जनसेवा केंद्रों की ले सकते हैं मदद
डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि सहज जनसेवा केंद्र कोविड टीकाकरण में सहयोग करेंगे और लाभार्थियों का पंजीकरण करेंगे। जिन लोगों को खुद पंजीकरण करने में तकनीकी दिक्कत है या फिर संसाधनों की दिक्कत है तो वह लोग इन केंद्रों के जरिए पंजीकरण करवा सकते हैं।