उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रेलवे विजिलेंस टीम ने रविवार को एक प्रतिष्ठान में छापामारी कर टिकटों की कालाबाजारी का खुलासा किया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत डोहरिया बाजार में सिथ्त ब्राइट ट्रेवल्स एंड इंफॉर्मेशन सेंटर में छापामारी की गई, जिसमें रेलवे के 24 ई टिकट, 18 एटीएम कार्ड सहित 21000 रुपये बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जाफर पुत्र मैनुद्दीन डोहरिया बाजार में लगभग दो-तीन साल से ब्राइट ट्रेवल्स एंड इंफॉर्मेशन सेंटर के नाम से दुकान चलाता है। मुखबिर द्वारा सूचना दी गई थी कि डोहरिया बाजार में रेलवे ई-टिकट का कारोबार रेलवे का साइट हैंग कर धड़ल्ले से किया जा रहा है।
जानकारी मिलने पर रविवार को पहुंची विजिलेंस टीम ने छापामारी की। छापामारी में प्रतिबंधित यूजर आईडी का प्रयोग करते हुए पाया गया। वह जरूरतमंदों को रेलवे ई टिकट 500 या 1000 रुपये या इससे ज्यादा देने पर आसानी से उपलब्ध कराता था।
रविवार को विजिलेंस टीम द्वारा छापा मारकर दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी में इंस्पेक्टर देवेंद्र प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर नेता राम सहित उनकी टीम के सदस्य मौजूद रहे।