गोरखपुर। रेलवे बोर्ड के राशन कार्ड सरेंडर करने संबंधी निर्देश से पूर्वोत्तर रेलवे में भी हलचल है। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को कर्मचारियों के नाम पर जारी राशन कार्डों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड के अनुसार, देशभर में 1,82,283 रेलकर्मियों के नाम राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राशन कार्ड जारी हैं। रेलवे बोर्ड के उप निदेशक स्थापना (सामान्य) एसके राय ने 11 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है।
इसमें कर्मचारियों को एनएफएसए के तहत मिलने वाले लाभ और सब्सिडी का उपयोग नहीं करने तथा अपने नाम पर जारी राशन कार्ड स्वेच्छा से सरेंडर करने के लिए जागरूक करने को कहा गया है। साथ ही राशन कार्डों की नमूना जांच कर यह जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं कि कितने कर्मचारी इस योजना का लाभ ले रहे हैं।
योजना का लाभ नहीं लेने वाले कर्मचारियों से स्वघोषणा पत्र भी लिया जा सकता है। संवाद