रामगढ़ताल चोरी के बाद घर में बिखरा सामान। संवाद
खोराबार। छठ पर्व मनाने गांव गए परिवार के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। शनिवार रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अलमारी और लॉकर से 15 लाख रुपये नकद और करीब 400 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। रविवार सुबह मोबाइल पर घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और डॉग स्क्वॉड ने जांच की। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद के पास पांडेय कॉलोनी स्थित शकुंतला निवास में बेलघाट थाना क्षेत्र के डकई गांव निवासी सूरज पांडेय और उनके भाई विपुल पांडेय पुत्र राधेश्याम पांडेय परिवार के साथ रहते हैं।
सूरज ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे वह परिवार के साथ छठ पर्व मनाने गांव चले गए थे। रविवार सुबह करीब सात बजे मोबाइल पर घर में चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी।
सूरज के मुताबिक, चोरों ने घर में रखी अलमारी और तिजोरी का ताला तोड़कर 15 लाख रुपये नकद और करीब 400 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 55 से 60 लाख रुपये बताई जा रही है। सूरज की कैंपियरगंज क्षेत्र में शराब की दो दुकानें हैं, जबकि उनके भाई विपुल दुबई में कंपनी चलाते हैं।
सूचना पर रविवार सुबह रामगढ़ताल पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड की मदद से भी चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया गया।
थाना प्रभारी श्यामानंद राय ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।