हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी विधाता ने शुक्रवार को पेशी के दौरान कचहरी लॉकअप में एलुमिनियम के चाकू से अपना गला काट लिया। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने उसे पहले जिला अस्पताल पहुंचाया। फिर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है कि उसके पास चाकू कहां से आया, क्योंकि वह जेल में था और वहां उसे कचहरी लॉकअप में पुलिस कस्टडी में पेशी पर लाया गया था।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली के हठी माता मंदिर हरिजन बस्ती निवासी विधाता पर हत्या, गैर इरादतन हत्या, बलवा और गैंगस्टर का मुकदमा स्थानीय थाने में दर्ज है। वह 30 महीने से गोरखपुर जिला जेल में बंद है। शुक्रवार को वह जेल से पेशी पर आया था। कचहरी लॉकअप में उसने एलुमुनियम के नकली चाकू से अपना गला काट लिया। पुलिस जांच कर रही है कि वह गला क्यों काटा और उसके पास चाकू कहा से आया?