आयुष विश्वविद्यालय कार्यक्रम स्थल पर कुल 20 ब्लॉक बनाए गए हैं जहां पांच हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। चार ब्लॉक वीआईपी के लिए बनाए गए हैं। इसी तरह कार्यक्रम स्थल के पास एक वीआईपी पार्किंग बनाई गई है जबकि करीब 200 मीटर पहले आमजन के लिए तीन पार्किंग बनाई गई है। स्टेज को फूल-मालाओं से सजाया गया है। दूर बैठे लोगों को भी कार्यक्रम साफ दिखाई पड़े इसलिए जगह-जगह पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। साथ ही जगह-जगह बड़े-बड़े स्पीकर भी लगाए गए हैं।
वही सोनबरसा स्थित गोरखनाथ विश्वविद्यालय में 2500 लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया हैं। इनमें 1200 लोग कॉलेज ऑफ नर्सिंग, महाराणा प्रताप शिक्षण संस्थानों के होंगे। इनमें 500 शिक्षक और 200 एनसीसी कैडेट भी शामिल हैं। सुबह से ही वहां कार्यक्रमों की शुरूआत हो जाएगी। परिसर में मौजूद शिव मंदिर में रुद्राभिषेक का अनुष्ठान होगा। उसके बाद एक घंटे का यज्ञ होगा और फिर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
एसएसबी में भी हेलीपैड, मार्ग का भी विकल्प तैयार
खराब मौसम को देखते हुए खाद कारखाना स्थित एसएसबी परिसर में भी हेलीपैड तैयार किया गया है। साथ ही गोरखपुर एयरपोर्ट से लेकर दोनों कार्यक्रम स्थल तक की सड़क भी दुरुस्त करने के साथ ट्रैफिक प्लान भी तैयार रखा गया है। 28 अगस्त को बारिश होने की दशा में राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर एसएसबी परिसर में बने हेलीपैड पर भी उतर सकता है। वहां से वह दोनों कार्यक्रम स्थलों पर सड़क मार्ग से जा सकते हैं। एहतियातन सभी संबंधित सड़कों के गड्ढों की मरम्मत के साथ ही डिवाइडर के रंग रोगन और सुंदरीकरण के साथ ही सड़क के दोनों तरफ की सफाई कराई गई है।
10 जनप्रतिनिधि, उद्यमी व समाजसेवियों से मिलेंगे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कार्यक्रम के दौरान जिले के कुछ जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, समाजसेवियों आदि से भी मुलाकात करेंगे। इनमें राज्य सभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल, कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक फतेह बहादुर सिंह, गीता प्रेस के ट्रस्टी व प्रबंधक देवीदयाल अग्रवाल, ईश्वर प्रसाद पटवारी, मुरली मनोहर सराफ, लालमणि तिवारी, श्रीरामचंद्र मिशन की जोनल कोआर्डिनेटर वंदना सिंह और उनके पति अवधेश कुमार सिंह और पिपराइच रोड स्थित संस्था के आश्रम के मैनेजर उदयभान यादव, बीजेपी प्रवक्ता डॉ समीर सिंह का नाम शामिल है।