गोरखपुर में आईटी पार्क विकसित करने की तैयारी को गति मिली है। इसके लिए नियुक्त कंसलटेंसी फर्म सॉफ्टवेयर टेक्नॉलॉजी पार्क ऑफ इंडिया की तरफ से डीएम विजय किरन आनंद से संपर्क किया गया है। जल्द ही फर्म के प्रतिनिधि जिले का दौरा कर विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे कर पार्क के लिए जमीन चिह्नित करेंगे।
आईटी पार्क में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश के कई मंडल मुख्यालयों पर आईटी पार्क विकसित किया जाना है। इसकी शुरुआत गोरखपुर से होने जा रही है। जल्द जमीन चिह्नित हो जाने की उम्मीद है। इसके लिए इसी सप्ताह कंसलटेंसी फर्म के प्रतिनिधि गोरखपुर आ सकते हैं। वे, प्रशासन के साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए), गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। यहां के बड़े कारोबारियों एवं उद्यमियों के साथ भी बैठक करेंगे।
आईटी पार्क के लिए बड़ी जमीन की जरूरत होगी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि आईटी पार्क के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे के किनारे भी जमीन फाइनल की जा सकती है। फर्म की ओर से डिमांड सर्वे भी किया जाएगा। इसी कंसलटेंसी फर्म की ओर से जमीन चिह्नित करने एवं डिमांड सर्वे करने के बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार की जाएगी।
डीएम विजय किरन आनंद ने बताया कि गोरखपुर में आईटी पार्क में बड़ा निवेश होगा। आइटी पार्क के लिए डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी पाने वाली कंसलटेंसी फर्म के प्रतिनिधि जल्द ही गोरखपुर का दौरा करेंगे। जितनी जमीन की जरूरत होगी, प्रशासन उन्हें उपलब्ध कराएगा।