प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना : 9500 वेंडर्स का लोन स्वीकृत
1300 के ही खाते में पहुंची रकम
गोरखपुर। नगर निगम क्षेत्र के 17000 पटरी व्यापारियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार लोन लेने के लिए आवेदन किया है। इनमें से 1300 लोगों को लोन की राशि मिल चुकी है।
डूडा के परियोजना अधिकारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि इसमें से 9500 स्ट्रीट वेंडर्स का लोन विभिन्न बैंकों से स्वीकृत भी हो चुका है।
लेकिन बैंकों द्वारा अभी तक सिर्फ 1300 स्ट्रीट वेंडर्स के खाते में ही लोन की राशि भेजी गई है। उन्होंने बताया कि बाकी वेंडर्स को बैंक सभी औपचारिकताएं पूरी करने को कह रहे हैं। डूडा के परियोजना अधिकारी ने बताया कि स्ट्रीट वेंडर्स का अब भी रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। कहा कि हरदिन औसतन 200 वेंडर कार्यालय में आकर रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
आज लगेगा तीन बैंकों का लोन कैंप
गोरखपुर। लच्छीपुर स्थित जश्न मैरेज हाल में मंगलवार को तीन बैंकों के लोन कैंप लगाए जाएंगे। पंजाब नेशनल बैंक गोरखनाथ, ओरियंटल बैंक आफ कॉमर्स गोरखनाथ तथा पंजाब नेशनल बैंक जंगल बहादुर अली शाखा में आवेदन करने वाले स्ट्रीट वेंडर कैंप में जाकर लोन स्वीकृत कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ नगर आयुक्त की बैठक
गोरखपुर। लोन स्वीकृत होने के बाद भी पटरी व्यापारियों के खातों में बैंकों से धनराशि ट्रांसफर नहीं की जा रही है। इससे स्ट्रीट वेंडर्स को कामकाज शुरू करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें जल्द से जल्द लोन देने को कहा है। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बैंकों के प्रतिनिधियों ने कहा कि औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण अधिकांश स्ट्रीट वेंडर्स के खाते में रकम नहीं भेजी जा पा रही है। नगर आयुक्त ने बैंकों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे प्रक्रिया को और सरल बनाकर स्ट्रीट वेंडर्स को लोन देना सुनिश्चित करें जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सके।