सुरक्षा के सख्त इंतजाम
नामांकन के तीसरे दिन सोमवार को भी कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े प्रबंध दिखे। कलेक्ट्रेट के सामने शास्त्री चौक से कचहरी चौराहे तक की एक लेन पर आवागमन बंद रखा गया। प्रत्याशियों के समर्थकों को कलेक्ट्रेट परिसर से दूर रोक दिया गया। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी सहित तीन लोगों को ही जाने की अनुमति दी गई। वहीं, निर्दल प्रत्याशियों को 10 प्रस्तावकों के साथ जाने दिया गया, मगर नामांकन के दौरान एक समय पर केवल तीन लोगों को ही कक्ष में रहने दिया गया।
पहली बार में गए तीन प्रस्तावकों के निकलने के बाद अगले तीन को प्रवेश करने दिया गया। सोमवार को कुल 48 पर्चे लिए गए। इनमें शहर विधानसभा सीट के लिए 10, ग्रामीण से दो, चौरीचौरा से चार, पिपराइच से 10, खजनी से चार, सहजनवां से नौ, कैंपियरगंज से दो, बांसगांव से तीन और चिल्लूपार से चार पर्चे लिए गए।
अब तक भाजपा सात सीट तो सपा व बसपा के प्रत्याशी एक-एक सीट पर भर चुके हैं पर्चा
चार फरवरी को नामांकन शुरू होने से तीन दिन के भीतर जिले की नौ में से सात सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। गोरखपुर ग्रामीण एवं खजनी विधानसभा सीट से अभी तक प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। सपा ने खजनी सुरक्षित विधानसभा सीट से, जबकि बसपा की ओर से चिल्लूपार से ही पर्चा भरा गया है। रविवार को नामांकन कार्य बंद था। मंगलवार को कई प्रत्याशी पर्चा दाखिल कर सकते हैं। इनमें सपा के ग्रामीण सीट से विजय बहादुर और पिपराइच से अमरेंद्र निषाद का नाम भी शामिल है। गोरखपुर शहर से चुनाव लड़ रहे आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद भी मंगलवार को पर्चा दाखिल करेंगे।
भाजपा के प्रदीप शुक्ला और उनकी पत्नी के नाम 9.26 करोड़ की संपत्ति, 39 लाख का सोना-चांदी
सहजनवां विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी 40 वर्षीय प्रदीप शुक्ला व उनकी पत्नी सुमन शुक्ला के नाम 9.26 करोड़ रुपये की संपत्ति है। प्रदीप और उनकी पत्नी के नाम 2.69 करोड़ की चल और 6.57 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। प्रदीप पर 1.55 लाख रुपये का कार लोन है। पत्नी सुमन के पास 26.23 लाख का सोना और 1.28 लाख कीमत की चांदी है।
प्रदीप के पास भी 12.06 लाख के सोने के आभूषण हैं। नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्र के मुताबिक प्रदीप के पास 44.88 लाख व पत्नी सुमन के पास सात लाख रुपये नकद हैं। 85 हजार की पिस्टल, 8.92 लाख रुपये कीमत की आरा मशीन, 6.17 लाख रुपये की शॉप एंड फैक्ट्री बिल्डिंग, 54.81 लाख रुपये का व्यावसायिक सामग्री का भंडार है।
पांच साल में आठ लाख घटी राजेश त्रिपाठी की संपत्ति
चिल्लूपार विधानसभा सीट से सोमवार को नामांकन करने वाले भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी की आय में पिछले पांच साल के भीतर कोई इजाफा नहीं हुआ।
विधानसभा चुनाव 2017 में राजेश त्रिपाठी, उनकी पत्नी व आश्रित के पास कुल 1.01 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति थी जो अब घटकर करीब 93 लाख हो गई है। राजेश पर आईटी एक्ट, धमकी देने, लोक सेवक रहते हुए गलत कार्य करने के मामलों में तीन मुकदमे हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
राजेश के शपथ पत्र के मुताबिक उनके हाथ में एक लाख नकद और उनकी पत्नी के हाथ में 50 हजार रुपये नकदी है। राजेश के पास कुल 10.21 लाख, पत्नी के पास 3.77 लाख और आश्रित के नाम दो लाख रुपये यानी कुल 15.98 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसी तरह राजेश के पास 77 लाख रुपये की अचल संपत्ति भी है। उनपर नौ लाख रुपये का कर्ज भी है।