गोरखपुर जिले में कैंट इलाके के बैंक रोड के पास से कुत्ता चोरी कर लग्जरी कार से भागने वालों के विरुद्ध कैंट पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। आरोपियों की हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद अब पुलिस ने रविवार को अज्ञात चोरों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कैंट इलाके के बैंक रोड निवासी डॉ. महेंद्र कुमार घर में ही मनीषा संगीता महाविद्यालय भी चलाते हैं। घर में ही वह कुत्ता पालते हैं। जिसका नाम रॉकी है। रॉकी अभी सिर्फ तीन महीने का ही है। घर में सभी उसे काफी दुलार करते हैं।
इसे भी पढ़ें: नेग लेकर लौट रहे किन्नर को गोली मारी, हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
दी गई तहरीर में उन्होंने लिखा है कि 16 मार्च को वह परिवार के साथ कहीं गए थे। इस बीच किसी ने कुत्ता चोरी कर लिया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि लग्जरी कार से आए लोगों ने चौराहे पर एक दुकान से कचौड़ी-जलेबी खाई। करीब आधे घंटे में कार सवार यह समझ चुके थे कि किसी का कुत्ता घर के बाहर आ गया है, लेकिन उसका मालिक यहां नहीं है।
गोद में उठाकर कार से हो गए फरार
कार सवार कुत्ते को गोद में लेकर गया। शायद इसी वजह से वहां मौजूद लोगों को देखकर यही लगा कि इस कुत्ते के मालिक हैं। शायद इसलिए किसी ने उनका विरोध भी नहीं किया। युवक रॉकी को गोद में उठाकर कार तक ले गए। फिर कार में सवार होकर फरार हो गए। काफी देर का वक्त बीत जाने के बाद जब कुत्ता घर में नहीं दिखा तो मालिक ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस अब सीसी टीवी कैमरे की मदद से जांच में जुटी है।