गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कैंपियरगंज इलाके के विशंभरपुर गांव में जमीन विवाद में हुई मारपीट में घायल युवक ने रविवार रात को जहर खाकर जान दे दी। मृत युवक की पत्नी का आरोप है कि मारपीट के बाद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
कार्रवाई न होने और पिटाई से आहत पति ने आत्मघाती कदम उठाया। उधर, सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव पहुंचा। पुलिस ने अंतिम संस्कार कराने का प्रयास किया, लेकिन घरवालों ने इनकार कर दिया। पुलिस समझाने में जुटी है।
आरोप है कि विशंभरपुर निवासी राजू साहनी (28) को जमीन संबंधी विवाद में शनिवार को गांव के मोलहु यादव, विकास यादव और बेचू यादव ने बेरहमी से पीट दिया था। मृतक की पत्नी सुभावती ने बताया कि राजू शिकायत करने थाने पर पहुंचे लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
परेशान राजू साहनी घर आए और फिर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत खराब होने पर परिजन लेकर अस्पताल गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। मौत के बाद आरोप लगे तो पुलिस ने मारपीट के तीनों आरोपियों के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने, बलवा और धमकी देने की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
मृतक की पत्नी का आरोप है कि मारपीट के बाद मामला कैंपियरगंज पुलिस के पास पहुंचा था, लेकिन मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे चोटिल राजू निराश हो गए और आत्मघाती कदम उठा लिया। इस मामले में आरोपियों के साथ ही पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
दूसरी तरफ, एसएसआई राकेश कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस जब घर पहुंची तो युवक जहरीला पदार्थ निगल चुका था। युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि पुलिस केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई कर रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी की देखरेख में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मारपीट का मामला सामने आया है।