गोरखपुर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए गोरखपुर पुलिस ने डीजे संचालकों और आयोजकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अब तक 100 से अधिक डीजे संचालकों को नोटिस देकर निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने के निर्देश दे चुकी है।
पुलिस ने संचालकों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत निर्धारित सीमा में ही ध्वनि रखने और सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के बिना ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल नहीं करने को कहा है। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। एसपी सिटी निमिष पाटील ने कहा कि आयोजकों से जुलूस के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने की अपील की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।