आबकारी विभाग के अधिकारियों को यह सफलता सटीक मुखबिरी पर मिली। सुबह सूचना मिली कि एक व्यक्ति नकली शराब को लेकर रैपर, क्यूआर कोड, ढक्कन आदि की आपूर्ति करता है। वह आज भी इनकी बड़ी खेप की आपूर्ति करने वाला है। मुखबिर की सूचना पर हुई टीम ने बेतियाहाता स्थित अजय कुमार श्रीवास्तव के मकान पर छापा मारा।
इस दौरान कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र का रहने वाले बबलू खरवार नाम का युवक को पकड़ा गया है। वह स्कूटर से माल आपूर्ति करने के लिए निकल रहा था। छापेमारी में शराब की ब्रांडेड कंपनियों के ढक्कन, रैपर और क्यूआर कोड वाले स्टीकर बरामद किए गए।
उप आबकारी आयुक्त आरके सिन्हा ने इसे बड़ी बरामदगी बताते हुए कहा कि नकली शराब के माफिया पिछले कई सालों से ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली शराब सरकारी ठेकों पर बेचा करते थे जिससे राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था।
इस कार्रवाई के बाद अब आबकारी विभाग की टीमें गोरखपुर मंडल में जगह-जगह छापेमारी कर शराब की दुकानों की जांच करेंगी। उप आबकारी आयुक्त ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट, कापीराइट एक्ट और आईपीसी की धाराओं में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। पुलिस मामले में विवेचना कर रही है।
तीन साल पहले बस्ती में भी पकड़ा गया था बबलू
पकड़ा गया आरोपी बबलू खरवार पुत्र कन्हैया खरवार नकली शराब के धंधे का पुराना खिलाड़ी है। वह ऐसे ही मामले में तीन साल पहले बस्ती में भी पकड़ा जा चुका है। बबलू बेतियाहाता में अजय कुमार श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रहकर अपना धंधा संचालित करता था। हालांकि पुलिस को बबलू ने बताया कि वह सिर्फ पिछले एक महीने से ही इस धंधे में है।
- ये हुआ बरामद
- 48 हजार नकली लेबल
- 3.68 लाख नकली क्यू आर कोड
- 1.20 लाख देसी शराब की बोतल के ढक्कन
- 6 हजार अंग्रेजी शराब की बोतल के ढक्कन
- 5 लीटर स्प्रिट