चिलुआताल। मोबाइल फोन से हुई दोस्ती के बाद एक किशोरी को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जा रहे युवक को पुलिस ने सूचना मिलने पर पकड़ लिया। पुलिस ने किशोरी को खोजकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले में किशोरी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र की निवासी किशोरी का मोबाइल फोन के जरिये एक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने फोन कर किशोरी को सोमवार को चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा चौराहे पर मिलने के लिए बुलाया। किशोरी युवक से मिलने बरगदवा पहुंच गई। कुछ देर घूमने के बाद युवक उसे बहला-फुसलाकर वाहन से नेपाल की ओर ले जाने लगा। इसी दौरान किशोरी ने किसी तरह डायल 112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलते ही चिलुआताल पुलिस सक्रिय हो गई और किशोरी व युवक को पकड़ लिया। थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि किशोरी से पूछताछ के बाद उसकी तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।