प्रेमचंद साहित्य संस्थान द्वारा दिया जाने वाला दूसरा देवेंद्र कुमार बंगाली कविता सम्मान इस वर्ष हिंदी कवि अरुण देव को दिया जाएगा। यह जानकारी देते हुए प्रेमचंद साहित्य के निदेशक प्रोफेसर सदानंद शाही ने बताया कि देवेंद्र कुमार बंगाली की स्मृति में दिया जाने वाले कविता सम्मान के लिए अवोदन मांगे गए थे।
तीन सदस्यीय समिति ने सर्वसम्मति से अरुण देव के नाम की संस्तुति की है। स्वप्निल श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली समिति में प्रो अनिल राय (हिंदी विभाग गोरखपुर विश्वविद्यालय) तथा सुप्रसिद्ध आलोचक प्रोफेसर रघुवंश मणि बतौर सदस्य मौजूद थे।
अरुण देव के नाम की संस्तुति करते हुए निर्णायक समिति ने कहा कि कवि अरुण देव हमारे समय की युवा रचनाशीलता के एक महत्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं। कविता , आलोचना और साहित्य की पत्रकारिता के माध्यम से इन्होंने हिंदी के समकालीन साहित्य-वातावरण में अपनी एक जरूरी उपस्थिति ही नहीं दर्ज कराई है, बल्कि उसे प्रेरित और प्रभावित भी किया है।