दोगुनी ताकत से हालात सुधार रही डबल इंजन की सरकार : पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा-अभाव से निकाल आकांक्षाओं की तरफ ले जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के बाद कहा कि सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश एक समय तक चुनौती मान लिया गया था, लेकिन अब हर बड़े मिशन में अग्रणी है। प्रदेश में आज जो सरकार है, वह जनता का दर्द और उसकी परेशानी को समझती है। ईमानदारी से केंद्र की योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार डबल ताकत से स्थितियां सुधार रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण व राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इससे गांव से लेकर शहर तक की तस्वीर बदल जाएगी। क्षेत्र को अभाव से निकालकर आकांक्षाओं की तरफ ले जाएंगे। जब समाज के हर वर्ग को मूल सुविधाओं से जोड़ने का संकल्पबद्ध अभियान होता है तो उसे पूरा करने का हौसला और जज्बा भी बढ़ता है। जब हर गरीब के पास घर, शौचालय, शुद्ध पेयजल, रसोई गैस, बिजली की सुविधा होती है, तो उसका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है। सरकार इसी दिशा में कार्य कर रही है।
---
मातृभाषा में पढ़ने वाला गरीब का बेटा भी बनेगा डॉक्टर
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज बन रहा है। इससे कुशीनगर के साथ ही बिहार के लोगों को लाभ मिलेगा। यहां केे युवाओं का डॉक्टर बनने का सपना पूरा होगा। आजादी के 75 सालों बाद राष्ट्रीय शिक्षा नीति में यह निर्णय लिया गया है कि अब मातृभाषा में पढ़ने वाला, गरीब का बेटा भी डॉक्टर या इंजीनियर बन सकेगा। भाषा से विकास की यात्रा में अब कोई बाधा नहीं पैदा होने पाएगी। वर्तमान सरकार ने कई बाधाओं को दूर करके जानलेवा इंसेफलाइटिस से होने वाली मौत से हजारों मासूमों को बचाया है। प्रधानमंत्री ने सड़क परिवहन, बाढ़ बचाव व शिक्षा के क्षेत्र में मिलने वाले फायदे भी गिनाए।
--
25 वर्ष की बुनियाद रखकर यूपी को आगे ले जाना है
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाला समय आकांक्षाओं की पूर्ति का समय है। हमें 25 वर्ष की बुनियाद रखकर उत्तर प्रदेश को आगे ले जाना है। कुशीनगर, पूर्वांचल और समूचे उत्तर प्रदेश के आशीर्वाद से यह पक्का संभव होने वाला है। हमारे पास एक दो वर्ष की योजना नहीं है। 25 वर्ष की योजनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
---
स्वच्छ भारत मिशन से लेकर कोरोना प्रबंधन तक शानदार काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश ने स्वच्छ भारत मिशन से लेकर कोरोना प्रबंधन तक में उत्तर प्रदेश के शानदार योगदान का अनुभव किया है। प्रतिदिन औसतन सर्वाधिक कोविड टीकाकरण में भी उत्तर प्रदेश अग्रणी है। टीबी के विरुद्ध लड़ाई हो या कुपोषण के खिलाफ अभियान, उत्तर प्रदेश की भूमिका अहम है।
---
माताओं व बहनों को कर्मयोगियों की सरकार का लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्मयोगियों की सरकार का लाभ माताओं और बहनों को हुआ है। आवास योजना में बने मकान व स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालय उनकी गरिमा की रक्षा के लिए हैं। उज्ज्वला योजना से उन्हें धुएं से मुक्ति मिली है। अब हर घर में नल से शुद्ध जल की व्यवस्था से पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो साल के अंदर ही यूपी में 27 लाख परिवारों को शुद्ध पेयजल का कनेक्शन दिया गया है।
---
घरौनी योजना से आएगी समृद्धि
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र की एक और योजना समाज में समृद्धि लाने जा रही है। यह पीएम स्वामित्व योजना है। इसमें घरौनी यानी घरों के मालिकाना दस्तावेज देने का काम होगा। ड्रोन से हर गांव की माप कराई जा रही है। अब अवैध कब्जे का डर नहीं रहेगा। बैंकों से कर्ज मिलना भी आसान होगा। इससे गांव के युवा को अपना रोजगार करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
----
यूपी में पग-पग पर तीर्थ, कण-कण में ऊर्जा
प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी के बारे में एक खूबी की खूब चर्चा होती है। कहा जाता है कि इस प्रदेश ने सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन यूपी को एक ही पहचान के दायरे में नहीं देखा जा सकता है। इस भूमि पर भगवान राम और भगवान कृष्ण ने अवतार लिया। जैन धर्म के 24 में 18 तीर्थंकर इसी प्रदेश में अवतरित हुए हैं। संत तुलसीदास, संत कबीर व संत रविदास की भूमि है। वेदों पुराणों के अवतरण की धरती नैमिषारण्य, भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या, देवाधिदेव महादेव की धरा काशी, गुरु गोरक्षनाथ की तपोभूमि गोरखपुर, महर्षि भृगु की स्थली बलिया, पावन चित्रकूट, भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली सारनाथ, महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर आदि का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। यूपी में पगपग पर तीर्थ हैं। कण-कण में उर्जा है। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती जैन तीर्थंकर संभावनाथ, अयोध्या ऋषभदेव, काशी पार्श्वनाथ व सुपार्श्वनाथ की धरा है। इसी तरह उत्तर प्रदेश में सिख गुरु परंपरा भी समृद्ध है। आगरा व पीलीभीत के गुरुद्वारों में गुरु नानक देव और गुरु तेग बहादुर की महिमा का बखान है।
---
यूपी की प्रशंसा से कुछ लोगों को चिढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के लोगों के सामर्थ्य प्रशंसा की और कहा कि जब मैं उत्तर प्रदेश के लोगों के बड़े सामर्थ्य की प्रशंसा करता हूं तो कुछ लोगों को परेशानी होती है। चिढ़ जाते हैं। उनके लिए यही कहा जा सकता है। जहां सुमति तहां संपत्ति नाना, जहां कुमति वहां बिपति निधाना। जहां सद्बुद्धि है, वहां संपन्नता है। जहां कुबुद्धि है, वहां भांति-भांति की तकलीफें हैं।
---
गरीबों की सेवा के संकल्प से बढ़ रहे आगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम गरीबों की सेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। कोरोना काल में उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिलना भी इसी संकल्प का हिस्सा है। सबसे तीव्र टीकाकरण का अभियान जारी है। जल्द ही हम 100 करोड़ पार की स्थिति में होंगे। उत्तर प्रदेश में 12 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया जा चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने किसानों से उनकी उपज की रिकॉर्ड खरीदारी की है। खरीद के 80,000 करोड़ रुपये किसानों के खाते में भेजे जा चुके हैं। हजारों करोड़ों रुपये की पीएम किसान सम्मान निधि से छोटे किसानों को ताकत दी जा रही है।
---
योगी सरकार ने किया गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान
प्रधानमंत्री ने गन्ना किसानों के हित में योगी सरकार की तरफ से किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के लिए उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक मूल्य वृद्धि की गई। यही नहीं योगी सरकार ने रिकॉर्ड गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। कहा कि पहले की सरकार ने पांच साल में जहां एक लाख करोड़ रुपये का भी भुगतान नहीं किया था। वहीं इस सरकार ने पांच साल पूरे भी नहीं हुए और डेढ़ लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि एथेनॉल नीति से भी उत्तर प्रदेश के किसानों को खूब लाभ होने वाला है। एथेनॉल से बनने वाला बायोफ्यूल कच्चे तेल का विकल्प बन रहा है। बायोफ्यूल के लिए जो फैक्ट्रियां लगेंगी, उससे गन्ना किसानों को भी फायदा मिलेगा।
----
एक बार फिर लोकल के लिए वोकल का आग्रह
कुशीनगर की जनसभा में प्रधानमंत्री ने लोगों से एक बार फिर लोकल के लिए वोकल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दिवाली व छठ का पर्व नजदीक है। आप सभी अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदें। इससे उत्पाद बनाने वाले स्थानीय लोगों में एक नई ऊर्जा मिलेगी। उनके पर्व में भी रंग व प्रकाश भर जाएगा।
---
‘रउवां सब बहुत दिन से अगोरत रहलीं’-मोदी
विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में संवाद किया और खुद को जनता से जोड़ा। प्रधानमंत्री ने संबोधन की शुरुआत ठेठ भोजपुरी में की। जैसे ही कहा, रउवां सभन के परणाम कर रहल बानी। इससे उपस्थित जनसमूह गदगद हो गया। मोदी-मोदी के नारे गूंजे। फिर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम इहां एयरपोर्ट के लोकार्पण और मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कईलीं हं। जउनो खातिर रउवां सब बहुत दिन से अगोरत रहलीं। अब इहां से जहाज उड़ी और गंभीर बीमारी के इलाज होई। बहुत बड़ा सपना भी पूरा हो गइल।
---
दिवाली व छठ पूजा की बधाई दी
प्रधानमंत्री ने लोगों को वाल्मीकि जयंती, आगामी दिवाली व छठ पूजा की बधाई दी। कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण में सामूहिक प्रयास से बड़े लक्ष्य की प्राप्ति का बोध कराया है। कुशीनगर इसी पवित्र दर्शन का समृद्ध क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के लोकार्पण व मेडिकल कॉलेज समेत अन्य विकास परियोजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण से विकास, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समृद्धि आएगी।