प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुशीनगर जिले में चार घंटे 50 पचास मिनट रहेंगे। यहां वह अन्य कार्यक्रमों के अलावा मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर में स्थापित भगवान बुद्घ की छठी शताब्दी की लेटी प्रतिमा का दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री यहां चीवरदान भी करेंगे। इसके बाद इसी परिसर में बुद्घिस्ट कान्क्लेव-2021 को संबोधित करेंगे। इस कान्क्लेव में श्रीलंका के खेल मंत्री की अगुवाई में 130 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल शामिल होगा।
प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार सुबह 9.55 बजे प्रधानमंत्री का विमान कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के सामने बने पंडाल में प्रधानमंत्री उदघाटन सत्र को संबोधित करेंगे। यहां कई केंद्रीय व राज्य सरकार के मंत्री, विभिन्न विमानन कंपनियों के अधिकारी तथा केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इस कार्यक्रम के बाद सुबह 10.50 बजे वायुसेना के विशेष हेलीकाप्टर से प्रधानमंत्री कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मंदिर जाएंगे। इसके लिए रामाभार स्तूप के पास हेलीपैड बनाया गया है। वहां से सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री व अन्य विशिष्ट जन मंदिर परिसर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह करीब एक घंटा 20 मिनट इस परिसर में बिताने के बाद प्रधानमंत्री फिर हेलीकाप्टर से बरवा जंगल के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री मेडिकल कॉलेज समेत कई योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब 45 मिनट के इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर पुन: एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगा। कुशीनगर के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री विमान से दोपहर बाद दो बजकर 45 मिनट पर दिल्ली चले जाएंगे।