गोरखपुर जिले के पिपराइच विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व स्नातक पास 58 वर्षीय महेंद्र पाल सिंह व उनकी पत्नी के नाम 15.15 करोड़ रुपये की चल- अचल संपत्ति है। पांच वर्ष में उनकी संपत्ति में 92 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उनके व उनकी पत्नी की कुल चल व अचल संपत्ति 14.23 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 15.15 करोड़ रुपये हो गई।
शनिवार को नामांकन के समय दाखिल शपथपत्र के मुताबिक महेंद्र, उनकी पत्नी और आश्रितों के नाम कुल 96.26 लाख की चल और उनके व पत्नी के नाम 14.19 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनपर 6.54 लाख और उनकी पत्नी पर 1.31 करोड़ रुपये यानी दोनों पर कुल 1.37 करोड़ रुपये का कर्ज है। उनपर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं दर्ज है।
महेंद्रपाल के हाथ में 10 लाख व उनकी के हाथ में 80 हजार रुपये नकदी है। उनके नाम 6.43 लाख कीमत की पांच व पत्नी के नाम 6.78 लाख रुपये की तीन गाड़ियां हैं। महेंद्रपाल के पास 15 हजार और उनकी पत्नी के पास 50 हजार कीमत के आभूषण हैं। महेंद्रपाल के पास 50 हजार रुपये कीमत का एक रिवाल्वर भी है।
उनके व उनकी पत्नी के नाम गोरखपुर के महराजगंज पिपराइच, सोनबरसा, बालापार, सेमरा, मंगलपुर, बशारतपुर, बैजनाथपुर, छातीराम, लखनऊ के गोमतीनगर में खेती, व्यावसायिक व आवासीय जमीन-मकान भी है। महेंद्र पाल ने दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज गोरखपुर से 1983 में स्नातक(बीए) की शिक्षा हासिल की है।