छठ के बाद वापस लौटने वालों की भीड़ ट्रेनों में उमड़ पड़ी है। स्लीपर की बोगियों में जनरल कोच जैसी भीड़ हो रही है। हालात ऐसे हैं जिनके पास कंफर्म टिकट है वह भी सांसत भरा सफर तय कर रहे हैं। मंगलवार को बिहार संपर्क क्रांति, गोरखधाम और वैशाली एक्सप्रेस में जबरदस्त भीड़ रही। भीड़ देखकर स्टेशन पर खड़े बहुत सारे यात्री ट्रेन में चढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
बिहार से दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनों में ठसाठस भीड़ हो रही है। रोजाना जाने वाली ट्रेनों में तो पहले से ही सीटें खाली नहीं थी, लेकिन अब स्पेशल ट्रेनों में भी जगह नहीं है। मंगलवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नौ पर गोरखधाम एक्सप्रेस को दो घंटे पहले दोपहर ढाई बजे ही खड़ा कर दिया गया। बावजूद इसके जब ट्रेन छूटने को हुई, लोग कोच में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते रहे।
भोर में ही लगे लाइन में, नहीं मिला तत्काल टिकट
ट्रेनों में सीटें फुल होने के बाद अब लोग तत्काल टिकट पाने के लिए परेशान हैं। भोर में ही बहुत सारे लोग आरक्षण केंद्रों पर लाइन लगा रहे हैं, बावजूद इसके तत्काल का कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। लाइन में लगे सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें मुंबई जाना है। सोचा था कि तत्काल टिकट मिलेगा, लेकिन दो लोगों को ही कंफर्म टिकट मिल पाया।