गोरखपुर। वैष्णोपुरम कॉलोनी (गैस गोदाम गली) में इन दिनों आवारा कुत्तों व बंदरों से लोगों को परेशानी हो रही है। इनका उत्पात बढ़ता जा रहा है। इनके कारण कॉलोनी के निवासी, विशेषकर छोटे बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग भयभीत हैं।
परेशान नागरिकों ने अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में मुद्दा उठाया था। लोगाें का कहना था कि आवारा कुत्ते राह चलते लोगों का पीछा करते हैं और कई बार काटने की कोशिश भी करते हैं। वहीं बंदर घरों की छत और बालकनी में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाते हैं। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि आक्रामक कुत्तों व बंदरों को हमेशा योजना बनाकर पकड़ा जाता है। आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
जिला अस्पताल में कुत्ता काटने के 203 मामले आए
सोमवार को जिला अस्पताल में पुराने व नए मामले मिलाकर कुल 203 मामले आए। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि कुत्ता काटने के मामले रोज आते हैं, सबको एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया जाता है।
लोग बोले
जनहित को देखते हुए शीघ्र अभियान चलाकर आवारा कुत्तों व बंदरों को सुरक्षित रूप से पकड़कर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि कॉलोनी वासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
-संतोष सिंघानिया
कुत्तों व बंदरों से हम सभी को हमेशा डर रहता है। बच्चों को घर से बाहर व अकेले छत पर नहीं भेजते हैं। कुछ दिन पहले ही एक बच्चे को बंदर ने दौड़ा लिया था।
-कनक हरि अग्रवाल