गोरखपुर में लंबे समय से खराब पड़ी विभिन्न मोहल्लों की सड़कों, नालियों के निर्माण के साथ ही शहर के पार्कों को और खूबसूरत बनाने पर 13.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कमिश्नर और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अध्यक्ष रवि कुमार एनजी और उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह की पहल पर इन सभी कार्यों के लिए जीडीए अवस्थापना मद से धन स्वीकृत कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जल्द ही टेंडर भी निकाल दिया जाएगा। पिछले महीने भी शहर की करीब डेढ़ दर्जन सड़कों, पार्कों और लाइटिंग आदि के लिए प्राधिकरण ने करीब 27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे।
कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने बताया कि जीडीए द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 में अवस्थापना मद के तहत राप्ती नगर हरिद्वारपुरम फेज-1 के प्रवेश द्वार से गणेशपुरम में डॉ. नवीन जैन के मकान तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली के निर्माण कार्य के लिए 1.41 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह मेडिकल कॉलेज रोड पर मोगलहा मोड़ से सेमरा की ओर साईंपुरम कॉलोनी तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली के निर्माण कार्य के लिए 99.47 लाख, शास्त्री नगर आवासीय योजना में वार्ड संख्या-70 में शिव मन्दिर पार्क में सुंदरीकरण के लिए 13.86 लाख , वार्ड संख्या-9 मेडिकल कालेज रोड पर रजनीश शर्मा के मकान तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली के निर्माण के लिए 26.70 लाख स्वीकृत हुए हैं।
वहीं कांशीराम योजना के समीप देवरिया बाईपास रोड से रामगढ़ ग्राम तक इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण पर 42.34 लाख खर्च होंगे। इसी प्रकार वार्ड संख्या-70 गणेशपुरम में रवींद्र कुमार गौतम के मकान से आरके श्रीवास्तव के मकान तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली के निर्माण के लिए 76.63 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
सर्किट हाउस रोड पर शौचालय, लाइटिंग पर पांच करोड़ खर्च होंगे
अवस्थापना मद से ही रामगढ़ताल स्थित नया सवेरा से सर्किट हाउस रोड पर दो स्मार्ट शौचालय बनेंगे। इसपर 92.17 लाख रुपये, इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थलों पर शौचालय निर्माण पर 75 लाख रुपये तथा पैडलेगंज स्थित बुद्ध द्वार से नया सवेरा (साइड पटरी) एवं सर्किट हाउस से योगी बाबा गंभीर नाथ जी प्रेक्षागृह होते हुए राही होटल मोड़ तक ऑर्नामेंटल पोल एंड लाइट लगाने के लिए 4.17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
शहर के सुंदरीकरण पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे
शहर में विभिन्न स्थलों पर सुंदरीकरण, मरम्मत, विद्युत लाइटिंग एवं वाल पेंटिंग आदि कार्य के लिए 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह शहर में विभिन्न स्थलों पर सड़क, नाली एवं क्रास आदि के पैच कार्य के लिए दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
अध्यक्ष जीडीए/ कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने बताया कि जीडीए अवस्थापना मद से शहर के विभिन्न मोहल्लों में सीसी सड़क व नाली आदि के निर्माण के साथ ही पैडलेगंज-नया सवेरा पर ऑर्नामेंटल लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए 13 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। पिछले महीने भी जीडीए अवस्थापन मद से सीसी रोड, नाली निर्माण के अलावा पार्कों के सुंदरीकरण के लिए 27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल्द टेंडर निकालकर सभी निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इनकी गुणवत्ता की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। मैं और जीडीए उपाध्यक्ष खुद निर्माण कार्य पर नजर रखेंगे।