कैंपियरगंज तहसील क्षेत्र में मार्किंग के बाद लगाए गए पिलर। संवाद
- गोरखपुर जिले में 40 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेस-वे
संवाद न्यूज एजेंसी
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से प्रस्तावित पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे का सर्वे के आधार पर जमीनों का चिन्हाकंन शुरू हो गया है। गोरखपुर जिले में यह सड़क करीब 40 किलोमीटर लंबी होगी। बीते तीन दिनों से कैंपियरगंज तहसील क्षेत्र के रमवापुर, बढ़या, नयनसर, कानापार, रायपुर, भईयाराम, जरहद सहित कई गांवों में चिह्नांकन का कार्य किया जा रहा है।
एक्सप्रेस-वे के निर्माण की जद में महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान चौकमाफी का बगीचा भी आ रहा है। एक्सप्रेस-वे जंगल कौड़िया ब्लॉक के रायपुर के निकट गोरखपुर-सोनौली मार्ग से जुड़ेगा।पानीपत से कुशीनगर तक एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 700 किलोमीटर से अधिक होगी, जो विभिन्न शहरों को जोड़ेगी। इससे यात्रा समय कम होगा और यातायात सुगम बनेगा। सड़क की चौड़ाई लगभग 70 मीटर होगी। जिम्मेदार अधिकारी कुछ हफ्तों बाद चौपाल लगाकर ग्रामीणों को इस योजना की जानकारी देंगे और उनकी समस्या को भी सुनेंगे।
वर्जन
प्रारंभिक सर्वे के अनुसार अभी मार्किंग कराई जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार सड़क निर्माण की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सड़क के बन जाने से पानीपत से कुशीनगर की यात्रा सुगम होगी।
- ललित प्रताप पाल, परियोजना निदेशक, एनएचएआई