- 98.34 करोड़ रुपये से बन रहा करीब 570 मीटर लंबा फ्लाईओवर
- निर्माण कार्य अंतिम दौर में, 92 प्रतिशत काम पूरा
गोरखपुर। शहर को दशहरा के पहले एक और फ्लाईओवर की सौगात मिलने वाली है। शहर के अति व्यस्त क्षेत्रों में से एक पादरी बाजार चौराहे पर फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। अक्तूबर में इस फ्लाईओवर के लोकार्पण की तैयारी है। इसके बन जाने से पादरी बाजार चौराहे पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास स्थित चौराहे पर यातायात का दबाव ज्यादा है और अक्सर जाम लग जाता है। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए करीब 570 मीटर की लंबाई में 98.34 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य सितंबर 2024 में शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार के अनुसार, अब तक 92 प्रतिशत कार्य कराया जा चुका है। काम तेजी से कराया जा रहा है। सितंबर अंत तक सभी कार्य पूर्ण कराकर अक्तूबर माह में इसका लोकार्पण कराने की तैयारी है।
-
महराजगंज और सोनौली रोड पर जाना होगा आसान
गोरखपुर। बरगदवा-कौआबाग जेल बाईपास फोरलेन के पादरी बाजार चौराहा पर फोरलेन फ्लाईओवर बन जाने से ट्रैफिक जाम से स्थानीय लोगों और यात्रियों को मुक्ति मिलेगी। साथ ही बरगदवा से कौआबाग जेल बाईपास होकर पिपराइच, कप्तानगंज, मेडिकल कॉलेज रोड होते हुए महराजगंज और बरगदवा होते हुए सोनौली रोड की तरफ गुजरने वाले वाहनों को बिना किसी रुकावट के तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।