गोरखपुर जिले के तिवारीपुर थाने की सूर्य विहार पुलिस चौकी इंचार्ज शाहिद सिद्दीकी को एसएसपी ने बुधवार देर रात निलंबित कर दिया। शाहिद पर साथी दरोगा से बदसलूकी के गंभीर आरोप लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दरोगा मायाराम यादव चार दिन पहले अवैध खनन में शामिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ कर चौकी पर लाए थे। बताया जा रहा है कि खनन की गाड़ी को छोड़ने के लिए कुछ लोगों ने शाहिद सिद्दीकी को फोन किया। अगले ही दिन उन्होंने चौकी से ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़ दिया।
मायाराम यादव को यह बात नागवार लगी। इसे लेकर विवाद बढ़ा और शिकायत एसएसपी के यहां पहुंची। एसएसपी ने जांच कराई तो आरोप सही पाया गया। अब चौकी इंचार्ज के निलंबन की कार्रवाई की गई। हालांकि, इससे पहले मायाराम को पुलिस चौकी से हटा कर तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जाफरा बाजार इलाके की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि एसपी सिटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर चौकी इंचार्ज को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।