छहूं गांव के पास बुधवार की रात करीब आठ बजे हुआ हादसा
तुर्कपट्टी। तुर्कपट्टी-कसया मार्ग पर बुधवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार एक युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से जो रहे एक ठेले में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक और सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से कुशीनगर मेडिकल कॉलेज भिजवाया। डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के धरनी छापर निवासी सलामत (19) और सैफ अंसारी (20) किसी कार्य से बाइक से तुर्कपट्टी जा रहे थे। अभी वे छहूं गांव से थोड़ी दूर आगे बढ़े ही थे कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से जा रहे ठेले में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर भिजवाया। डॉक्टर ने सलामत को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल सैफ का इलाज जारी है। सलामत छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।