गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले जुलूस में शामिल डीजे की लोहे की रेलिंग ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। इससे करंट उतरने से चार महिलाओं समेत 11 लोग झुलस गए। सभी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम छा गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर जाम लगा दिया। जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद भी ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। देर शाम तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
विसर्जन जुलूस में अचानक उतरा करंट
जानकारी के अनुसार, गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला में दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीण प्रतिमा लेकर कोलुहा घाट पर विसर्जन के लिए निकले थे। जुलूस जब गांव के बाहर रजही चौराहे पर रामानंद के दरवाजे के पास पहुंचा, तभी डीजे के ऊपर बनी लोहे की रेलिंग ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई।
तार के संपर्क में आते ही डीजे और प्रतिमा के आसपास मौजूद लोगों को करंट लग गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। हादसे में कुल 11 लोग झुलस गए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल बताई गई हैं।
दो सगे भाइयों समेत तीन की मौतहादसे के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चंदन पुत्र केदारनाथ और शिव चौहान के पुत्र विक्की व लक्की को मृत घोषित कर दिया। विक्की और लक्की सगे भाई बताए जा रहे हैं।
हादसे में पुष्पा देवी, नंदिनी, धीरेंद्र, मोनू, अंशिका चौहान, शनि चौहान, प्रियांशु, शिवानी और शांतनु के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घायलों का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, फोरलेन जाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम करीब छह बजे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीण बिजली विभाग की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
डीएम और एसएसपी ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज में घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाने का प्रयास किया।
हालांकि, ग्रामीणों की मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण उन्होंने दोबारा गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन जाम कर दिया। देर शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।