कुशीनगर जिले में बाइक से बृहस्पतिवार की देर रात घर लौट रहा एक युवक अचानक संतुलन खो बैठा और दीवार से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल हो जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह अपनी रिश्तेदारी से घर जा रहा था।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के मीरबिहार गांव के निवासी मिथुन कुशवाहा (26) अपने एक एक रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। अभी वह अपने घर से कुछ दूरी पर थे कि बाइक का संतुलन बिकड़ गया और एक दीवार से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मिथुन की मौके पर ही मौत हो गई।
समउर बाजार पुलिस चौकी के इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन युवक के परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए पंचनामा कराकर शव को सौंप दिया गया।
सड़क के किनारे घायलावस्था में मिली महिला
वहीं मथौली बाजार क्षेत्र के हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर स्थित सेमरा गांव के पास शुक्रवार को एक महिला घायलावस्था में मिली। उस 60 वर्षीय महिला को पुलिस ने एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचसी भेज दिया।
मौजूद लोगों के मुताबिक शुक्रवार को दिन के करीब 11 बजे सेमरा गांव के पास एक महिला घायलावस्था में मिली। इसकी जानकारी होने पर वहां काफी लोग एकत्र हो गए। वहां पहुंची डायल 112 नंबर की पुलिस ने एंबुलेंस से उसे कप्तानगंज सीएचसी भेजवाया। बताया जा रहा है कि घायल महिला महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के कौआसार गांव की निवासी है।