राजकीय शोक की वजह से स्थगित हुए गोरखपुर महोत्सव के समापन दिवस को लेकर एक बुरी एक अच्छी खबर है। महोत्सव का रंगारंग समापन अब मंगलवार को होगा। बुरी खबर ये है कि मशहूर गायक सोनू निगम ने मंगलवार को आने से इनकार कर दिया है। अच्छी खबर ये है कि उनकी जगह सिंगर केके अपनी मधुर आवाज से बॉलीवुड नाइट की महफिल सजाएंगे।
समापन समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहेंगे। ओमान के सुल्तान काबूस सैद अल सैद के निधन पर केंद्र सरकार ने 13 जनवरी को राजकीय शोक घोषित किया था। ऐसे में सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं हो सकते थे।
इस वजह से गोरखपुर महोत्सव के समापन मौके के सभी कार्यक्रम, जिला प्रशासन ने मंगलवार को करने का निर्णय किया है। कार्यक्रम टलने के बाद प्रशासन ने बाकी सभी कलाकारों को तो अगले दिन प्रस्तुति के लिए मना लिया मगर व्यस्तता की वजह से सोनू निगम ने आने से इनकार कर दिया। उनकी जगह केके ने बालीवुड नाइट की जिम्मेदारी उठाने के लिए हामी भर दी।