गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र में खेत में काम करने गई महिला से चाकू के बल पर जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान संतकबीरनगर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मोतीनगर निवासी कन्हैया के रूप में हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को टिकरिया खोर निवासी अर्जुन कन्नौजिया की पत्नी शीला देवी गांव के बाहर पोखरे के किनारे खेत में निराई करने गई थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों बाइक सड़क किनारे खड़ी कर महिला के पास पहुंचे और उन्हें खेत में गिरा दिया। आरोप है कि एक युवक ने शीला की गर्दन पर चाकू लगा दिया जबकि दूसरे ने उनके कानों से झुमके नोच लिए। बदमाश मंगलसूत्र और नाक की कील भी ले गए। झुमके खींचने से महिला के कान में चोट लग गई। वारदात के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है।