बुधवार को तापमान अधिकतम 32.2 और न्यूनतम 20.8 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
गोरखपुर। फिजाओं में धुंध और आसमान में बादल छाए रहने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। 15 और 16 मार्च को बारिश के बाद ही इसके छंटने के आसार हैं। 17 मार्च को भी पूर्वांचल में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि बारिश के साथ ही झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गोरखपुर समेत पूर्वांचल में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। अनुमान है कि कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा तक हो सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को तापमान अधिकतम 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था। इसी तरह न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक टीबी सिंह ने बताया कि वायुमंडलीय स्थिरता के कारण कोहरे और धुंध की स्थिति बन रही है।