गोरखपुर में शहीद रवींद्र सिंह और भारत भीम जर्नादन सिंह की स्मृति में उत्तर प्रदेश सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन 29-31 अक्तूबर के बीच मुरारी इंटर कॉलेज सहजनवां में होगा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन टोक्यो ओलंपिक विजेता बजरंग पूनिया के द्वारा किया जाएगा।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न भारवर्ग में 800 खिलाड़ियों के प्रतिभाग करेंगे। भारतीय युवक संघ और जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के आयोजन समिति की बैठक बृहस्पतिवार को संपन्न हुई।
जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि पहलवानों का भार 28 अक्तूबर को मुरारी इंटर कॉलेज सहजनवां में होगा। हॉकी यूपी के उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश ने बताया कि पुरूष वर्ग के पहलवान प्रतियोगिता स्थल स्थित विद्यालय में निवास करेंगे। जबकि महिला पहलवानों के ठहरने की व्यवस्था रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में की जाएगी।
भारतीय कुश्ती टीम के कोच चंद्रविजय सिंह ने कहा कि पुरूष वर्ग में प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन में होगी। जबकि महिला वर्ग की कुश्ती फ्री स्टाइल में होगी। भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव आदित्य प्रताप सिंह आगू ने बताया कि प्रतियोगिता में टोक्यो ओलंपिक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया भी शामिल होंगे। उनकी औपचारिक सहमति मिल गई है। बैठक में अरूणेश शाही, जनार्दन यादव, माया शंकर शुक्ल, अंबरीश श्रीवास्तव, हनुमान पांडेय, मनीष सिंह, रण विजय शाही, सतीश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।