गोरखपुर में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) आने से वाहनों के नंबर प्लेट से अब ‘पापा’, ‘बाबा’, ‘दादा’ और ‘बॉस’ गायब हो गए हैं। जिन पुराने नंबर प्लेटों पर लोगों ने अंकों का यह खेल किया था, उन्होंने भी अब कार्रवाई के डर से इसे हटवा दिया है। ऐसे में अब उन नंबरों की मांग खत्म हो गई है जिससे इस तरह के शब्द लिखे जाते थे।
वीआईपी नंबरों के लिए लाखों की बोली तो लगती ही है लेकिन जातिगत, धार्मिक और अन्य वजहों से ऐसे भी नंबरों की मांग बढ़ गई थी जो देखने में सामान्य लगते हैं। सपा के शासन काल में 4159 और 6169 की खूब डिमांड थी, जिससे ‘यादव’ लिखा जाता था। इसी तरह 9191 से बाबा लिखा जाता था।
वहीं 4749 नंबर से मोदी लिखा जाता था। इसी तरह राम लिखने के लिए 2171 और 0214 की खूब मांग होती थी। पापा लिखने के लिए 4141 और दारू लिखने के लिए 4129 की मांग होती थी। वहीं नवाब लिखने के लिए 7919 की डिमांड रहती थी। अब परिवहन विभाग द्वारा वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट की अनिवार्यता के बाद ऐसे नंबरों की मांग खत्म हो गई है।