फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur: हवाला कारोबार से जुड़े NRI के तार, पुलिस ने जांच के लिए ED और आयकर विभाग को लिखा पत्र

Thu, 29 Sep 2022 02:23 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

बैंकाक में रहने वाले नवीन दुबे के तार भी हवाला कारोबार से जुड़े हैं। नवीन ने सर्वेश को पहले दिल्ली भेजकर सच्चिदानंद नामक व्यक्ति से 42 हजार अमेरिकी डॉलर दिलवाए। डॉलर मिलने के बाद सर्वेश को बैंकाक जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टिकट के साथ वह एयरपोर्ट जरूर गया, लेकिन एक महिला की मदद से 20 हजार डॉलर बैंकाक भिजवा दिए।
विज्ञापन
सर्वेश यादव के साथ हुई थी लूट। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर जिले के सहजनवां में नान रेजिडेंट इंडियन (एनआरआई) फोनछाई यादव उर्फ सर्वेश यादव से मंगलवार को हुई लूट के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस की जांच से पता चला कि पूरा मामला हवाला कारोबार से जुड़ा है। डॉलर हड़पने की नियत से सर्वेश ने लूट की कहानी गढ़ी थी। सर्वेश के खिलाफ जल्द ही केस दर्ज किया जा सकता है।

विज्ञापन


मामले में पुलिस ने नामजद एक आरोपी पवन त्रिपाठी को उठाया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों, जो सगे भाई हैं, की तलाश में दबिश दी जा रही है। हवाला कारोबार का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग को पत्र भेजा है। पुलिस को आशंका है कि अन्य आरोपियों के पकड़े जाने पर कुछ और सुराग हाथ लगेंगे।  

पुलिस के मुताबिक, बैंकाक में रहने वाले नवीन दुबे के तार भी हवाला कारोबार से जुड़े हैं। नवीन ने सर्वेश को पहले दिल्ली भेजकर सच्चिदानंद नामक व्यक्ति से 42 हजार अमेरिकी डॉलर दिलवाए। डॉलर मिलने के बाद सर्वेश को बैंकाक जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टिकट के साथ वह एयरपोर्ट जरूर गया, लेकिन एक महिला की मदद से 20 हजार डॉलर बैंकाक भिजवा दिए।
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें: अनाथ आश्रम की आड़ में बेचे जा रहा थे बच्चे, अपने ही बुने जाल में फंस कर गिरोह का हुआ भंडाफोड़

बताया जा रहा है कि सर्वेश की नीयत खराब हो गई और वह 22 हजार डॉलर के साथ एयरपोर्ट से लौट आया। इससे पहले नवीन को बैंकाक जाने का टिकट भेज दिया और बता दिया कि 20 हजार डॉलर एक महिला के साथ जा रहे हैं। इसके बाद सर्वेश ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। साथ ही बस से गोरखपुर के लिए निकल पड़ा।

इस बीच महिला बैंकाक पहुंच गई। नवीन ने महिला से संपर्क किया तो एक और कहानी सामने आई। पता चला कि सर्वेश ने महिला से 10 हजार डॉलर उधार लिए थे। लिहाजा, महिला ने 10 हजार डॉलर ही नवीन को दिए। जब नवीन को सूचना मिली तो उसने सर्वेश को फोन लगाया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

सर्वेश की गद्दारी से बौखला गया नवीन

पुलिस के मुताबिक, सर्वेश की गद्दारी से नवीन बौखला गया। उसने गोरखपुर में रह रहे अपने दोस्तों को फोन करके सर्वेश को सबक सिखाने का फरमान सुना दिया। इसके बाद नवीन के लोगों ने जाल बिछा दिया। सर्वेश जैसे ही सहजनवां में बस से उतरा, वैसे ही नवीन के दोस्तों ने उसे उठा लिया और उसे कार में बैठाकर जीडीए कांप्लेक्स ले आए।

जीडीए कांप्लेक्स में सर्वेश की पिटाई की और उसके पास रखे 22 हजार अमेरिकी डॉलर ले लिए गए। उसकी कीमती घड़ी व सोने की चेन भी उतरवा ली। इस घटनाक्रम का नवीन के दोस्तों ने वीडियो बनाया और उसे छोड़ दिया। वीडियो में सर्वेश बोलते दिख रहा है। वह कह रहा है कि अब कोई लेन-देन नहीं बचा है। यह वीडियो व्हाट्सएप की मदद से बैंकाक भेजा गया है।

सहजनवां पहुंचने के बाद गढ़ी लूट की कहानी
जीडीए कांप्लेक्स से निकलने के बाद सर्वेश सहजनवां गया और लूट की कहानी गढ़ दी। पुलिस ने छानबीन की तो हवाला कारोबार का मामला सामने आया। अब पुलिस की सारी जांच हवाला कारोबार की तरफ मुड़ गई है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए ईडी व आयकर विभाग से मदद मांगी गई है।

 
विज्ञापन

फोनछाई यादव ने दी थी यह सूचना

बड़हलगंज के मरवटिया गांव के मूल निवासी एनआरआई फोनछाई यादव उर्फ सर्वेश ने बताया था कि वह बैंकाक से दिल्ली आया था। इसके बाद बस में सवार होकर मंगलवार को दिल्ली से गोरखपुर आया। सहजनवां में अपने परिजनों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कार से आए पवन त्रिपाठी, प्रांशु धर दुबे, पीयूष धर दुबे, प्रशांत धर दुबे ने अपहरण कर उसे कमरे में बंद कर पीटा और 22 हजार अमेरिकी डॉलर, 75 ग्राम सोने की चेन और 25 हजार रुपये लूट लिए। इसी तहरीर के आधार पर सहजनवां पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

सगे भाई हैं तीनों आरोपी
सहजनवां पुलिस ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक, मामले में आरोपी बनाए गए प्रांशु धर दुबे, पीयूष धर दुबे और प्रशांत धर दुबे सगे भाई हैं। सब तारामंडल में रहते हैं। केस दर्ज होने के बाद से ही तीनों भागे हैं। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद बड़े गिरोह के सामने आने की उम्मीद है।

सर्वेश की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच की तो हवाला कारोबार का सच सामने आया। पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। इस मामले में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक आरोपी हिरासत में है, अन्य की तलाश की जा रही है। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच के लिए ईडी और आयकर विभाग को पत्र भेजा जा रहा है। - मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें