गोरखपुर में फिल्म शूटिंग। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में शूटिंग की अनुमति के लिए अब देश में कहीं से भी न केवल आवेदन कर सकेंगे, बल्कि 48 घंटे के भीतर ही अनुमति भी हासिल कर सकेंगे। जिले में फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए सांसद एवं एक्टर रवि किशन की पहल पर प्रशासन ने इस वेबसाइट
gorakhpurshoot.com को तैयार किया है। जल्द ही इसे ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
दरअसल, रामगढ़ताल की सूरत बदलने के साथ ही गोरखपुर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की वजह से यहां शूटिंग को लेकर फिल्म इंडस्ट्रीज के लोगों का रूझान बढ़ा है। भोजपुरी फिल्म व एलबम की शूटिंग तो प्राय: होती रहती है।
ऐसे में जिला प्रशासन ने शूटिंग की अनुमति की प्रक्रिया आसान करने के लिए वेबसाइट का निर्माण शुरू किया था जो अब पूरा हो गया है। अभी तक अनुमति के लिए यहां आना पड़ता था और प्रशासन व पुलिस समेत कुछ अन्य विभागों से भी अनुमति लेनी पड़ती थी। इन सब में काफी समय खर्च हो जाता था।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि फिल्मों आदि की शूटिंग की ऑनलाइन अनुमति के लिए वेबसाइट तैयार कर ली गई है। इसे जल्द ही ऑनलाइन कर दिया जाएगा। आवेदन के 48 घंटे के भीतर जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर अनुमति पत्र जारी कर दिया जाएगा।