अब डाक घर से भी रेलवे और हवाई जहाज का टिकट भी बुक कराया जा सकेगा। डाक दिवस सप्ताह पर गोरखपुर जिले के सभी डाकघरों व उप डाकघरों को इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) से जोड़ दिया गया है। डाकघरों में रेलवे टिकट की बुकिंग की सुविधा मिलने से स्टेशन के काउंटरों पर भीड़ का दबाव कम होगा। घंटों कतार में भी नहीं लगना पड़ेगा।
प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जन सुविधा केंद्र के तहत रेलवे की सेवा के लिए आईआरसीटीसी से अनुबंध किया गया है। केंद्रीय स्तर पर अनुबंध के बाद 11 से 16 अक्तूबर तक चलने वाले डाक सप्ताह में शहर के सभी 66 डाकघरों और उप डाकघरों का आईआरसीटीसी से अनुबंध कराया गया। अब डाकघर इसके लिए तैयार हैं।
कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। कर्मचारी को आईआरसीटीसी की ओर से यूजर आईडी और पासवर्ड भी उपलब्ध कराया गया है। डाकघर के कार्य दिवस के समय में रेलवे टिकट की बुकिंग की जा सकेगी। टिकट बुकिंग के लिए जन सेवा केंद्र पर ग्राहक से कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के डाकघरों में आईआरसीटीसी के लिए अलग से एक काउंटर खोलने की तैयारी चल रही है।
प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने कहा कि आईआरसीटीसी से ही हवाई जहाज के भी टिकट बुक हो जाएंगे। इसके लिए अतिरिक्त भुगतान भी नहीं करना होगा। अभी सिर्फ रेलवे के टिकटों की बुकिंग शुरू हुई है। किसी सामान को रेलवे के माध्यम से एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए बुकिंग की सेवा अभी नहीं शुरू हो सकी है।