रेलवे ने आय का स्रोत बढ़ाने के लिए अब रेलवे स्टेशनों पर निजी कंपनियों को स्टॉल लगाने का अनुमति दे दी है। लखनऊ मंडल में गोरखपुर समेत 15 स्टेशनों पर निजी कंपनी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया है। पहले चरण में कंपनी ने पांच स्टेशनों पर प्रमोशन सेंटर खोलने की तैयारी शुरू कर दी है।
रेलवे स्टेशन परिसर में अभी तक साइन व ग्लोसाइन बोर्ड तथा कोच पर फ्लैक्स भी कंपनियां प्रचार-प्रसार के लिए लगाती रही हैं। कंपनियां इसके लिए रेलवे प्रशासन के पास निर्धारित शुल्क जमा करती हैं। अब स्टेशन परिसर में एक स्टॉल की जगह मुहैया कराई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे में इसकी शुरुआत लखनऊ मंडल से हुई है। निजी कंपनी ने 15 रेलवे स्टेशन के लिए अनुमति ले ली है। स्टॉल लगाकर कंपनी प्रचार-प्रसार तो करेगी ही, ऑनलाइन पढ़ाई के लिए पंजीकरण भी करेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि नवीन प्रयोगों के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने रेल राजस्व की वृद्धि के लिए एक नया प्रस्ताव फाइनल किया है। इसके अंतर्गत 15 रेलवे स्टेशनों पर निजी कंपनी को प्रमोशन सेंटर खोलने की अनुमति दी गई है। प्रथम चरण में कंपनी पांच स्टेशनों पर प्रमोशन सेंटर खोलेगी।
प्रथम चरण में यहां खुलेंगे प्रमोशन सेंटर
लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, गोमतीनगर, ऐशबाग एवं बादशाह नगर।