गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्रवेश निरस्त कराने वाले अभ्यर्थियों को शुल्क वापसी की जानकारी के लिए अब विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रवेश प्रकोष्ठ ने प्रवेश पोर्टल पर ‘रिफंड ट्रैकर’ सुविधा शुरू की है। इसके जरिए अभ्यर्थी घर बैठे अपने शुल्क की वापसी की स्थिति जान सकेंगे।
अभ्यर्थियों को इसके लिए विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर उपलब्ध रिफंड ट्रैकर लिंक पर जाकर अपना फॉर्म नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद शुल्क वापसी से संबंधित जानकारी मिल सकेगी। अब तक इस संबंध में पूछताछ के लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय आना पड़ता था। विश्वविद्यालय ने यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने पर नियमानुसार शुल्क का तय हिस्सा वापस करने की व्यवस्था बनाई है। प्रवेश प्रकोष्ठ के गठन के साथ ही विश्वविद्यालय ने औपचारिक रिफंड पॉलिसी भी तैयार की थी, जो प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है।