गोरखपुर मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) अब अपनी नई वेबसाइट लांच करने जा रहा है। वेबसाइट का लोकार्पण मंगलवार सुबह 11 बजे कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडेय करेंगे।
नई वेबसाइट डॉटनेट और जे क्वेरी टेक्नोलॉजी के आधुनिकतम संस्करणों पर आधारित होगी। पिछले कुछ महीनों से विश्वविद्यालय की वेबसाइट को आसान और नया कलेवर देने की कवायद चल रही थी। मंगलवार को यह कार्य पूरा हो जाएगा।
नई वेबसाइट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाते समय विवि के सभी शिक्षकों के सुझावों को ध्यान में रखा गया है। उनकी मांग के अनुरूप इसे बनाया गया है।
नई वेबसाइट की यह है खासियत
- सभी प्रकार के कंप्यूटिंग डिवाइस जैसे कि पर्सनल कंप्यूटर, टैबलेट, पीसी और मोबाइलफोन पर बखूबी काम करेगी
- सूचनाएं ज्यादा अच्छे तरीके से संगठित की गई हैं ताकि मुख्य पृष्ठ पर केवल महत्वपूर्ण और आधुनिकतम सूचनाएं रहें। अन्य सूचनाएं वेबसाइट के भीतरी पृष्ठों पर रहेंगी।
- नई वेबसाइट में सूचनाएं अपडेट करना ज्यादा आसान होगा क्योंकि इसमें सूचनाएं विवि स्तर पर ही अपडेट करने की सुविधा रहेगी।
- विवि के सभी शिक्षकों के शोध प्रकाशन, विवि द्वारा अवार्ड की जा रही पीएचडी डिग्री, शिक्षकों को मिले पुरस्कार एवं अन्य उपलब्धियां विभागवार एवं वर्षवार मौजूद रहेंगी। कोई भी उपयोगकर्ता वेबसाइट से किसी विभाग की शिक्षण और शोध में प्रगति जान सकता है, इससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
- शिक्षक अपने विषयों का ई-कंटेंट अपने पेज पर अपलोड कर सकेंगे। छात्रों को सभी विषयों के ई-कंटेंट के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। छात्र को केवल विवि की वेबसाइट पर संबंधित शिक्षक के पेज पर जाना होगा और वहां से वे मनचाही पाठ्य सामग्री डाउनलोड कर सकेंगे।