दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध पात्रता परीक्षा (रेट) 2020-21 का आयोजन 10 जनवरी को हुआ था। इसमें सर्वर की दिक्कत के चलते विमल महिला महाविद्यालय में परीक्षा नहीं देने वाले अभ्यर्थियों के लिए मंगलवार को पुन: परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा तीन केंद्रों पर होगी और अभ्यर्थियों के पास घर से ऑनलाइन परीक्षा देने का विकल्प भी खुला रहेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वविद्यालय के कंप्यूटर सेंटर, पुर्दिलपुर गोलघर स्थित स्टूडेंट कंप्यूटर ऑनलाइन सल्यूशन और बरगदवां में कैवेलियर एनिमेशन प्राइवेट लिमिटेड को केंद्र बनाया है। इस परीक्षा में 400 से अधिक अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा विषयवार परीक्षा की समय सारिणी भी सोमवार को जारी कर दी गई। समय सारिणी और परीक्षा केंद्र के साथ लॉगिन पासवर्ड अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल आइडी पर भेजे जा चुके हैं।
परीक्षा की समय सारिणी
- कॉमर्स, रसायन शास्त्र व गणित : सुबह नौ बजे से 10:30 बजे तक।
- हिंदी, भूगोल, दृश्य कला, बॉयोटेक्नोलॉजी व जंतु विज्ञान : सुबह 11:30 से दोपहर एक बजे तक।
- शिक्षाशास्त्र ग्रुप वन व टू : दोपहर दो बजे से शाम 3:30 बजे तक।
- उर्दू, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, मनोविज्ञान, समाज शास्त्र, विधि, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और अर्थशास्त्र : शाम 4:30 से छह बजे तक।