बस्ती में फूटा कोरोना बम, एक साथ मिले 50 पॉजिटिव
बस्ती। जिले में एक साथ 50 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी 14 से 16 मई के बीच बसों, ट्रकों एवं अन्य साधनों से आए हैं। इनके नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और केडीसी में लिए गए थे। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट ने प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा दीं।
डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव केस के मामले में जिला संवेदनशील हो गया है। बसों और ट्रकों से आए प्रवासियों को क्वारंटीन किया गया था। मंगलवार को दोपहर बाद आई 78 की रिपोर्ट में एक साथ 50 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ये सभी मुंबई, सूरत और अन्य शहरों से बस और ट्रकों से आए हैं। इनके सैंपल मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, केडीसी में लिए गए थे। सभी को ओपेक चिकित्सालय कैली और मुंडेरवा स्थित लेवल-वन अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। जिले में प्रवासी कामगार लगातार आ रहे हैं। मंगलवार को इतनी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से प्रशासनिक अमले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पॉजिटिव पाए गए मरीजों का पता, ट्रैवेल हिस्ट्री और अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। नए मिले 50 मरीजों में 65 साल के एक बुजुर्ग के अलावा नौ साल की एक बच्ची, एक वर्ष का एक और पांच माह का एक बच्चा शामिल है।
इसके साथ ही बस्ती में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 104 हो गया है। एक्टिव केस 74 हैं। इनमें से दो की मौत हो चुकी है, जबकि 28 लोग डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। 27 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि बीआरडी मेडिकल कॉलेज ने 27 में से सात की रिपोर्ट संदिग्ध बताई है। उनका 48 घंटे के अंदर दूसरा सैंपल जांच को भेजा जाएगा। एक की रिपोर्ट मेें ‘क्वांटिटी नॉट सफीसिएंट’ लिखा होने से उसका फिर से सैंपल मांगा गया है।