गोरखपुर जिले के कैंट इलाके के मोहद्दीपुर स्थित एक होटल से नेपाली युवक सोमवार को लापता हो गया। वह पत्नी और बेटे के साथ कनाडा जाने के लिए घर से निकला था और गोरखपुर में होटल में ठहरा था। सूचना के बाद कैंट पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल के पोखरा निवासी देशराज क्षेत्री कनाडा की एक कंपनी में पिछले छह साल से नौकरी करते हैं। 28 फरवरी को पत्नी संध्या व छह साल के बेटे को साथ लेकर घर से कनाडा जाने के लिए निकले। गोरखपुर पहुंचने पर मोहद्दीपुर स्थित होटल में रुक गए।
पत्नी संध्या ने पुलिस को बताया कि दिल्ली से कनाडा जाने का टिकट बुक न होने की जानकारी देते हुए तब से होटल में ही देशराज रुके थे। रविवार शाम सात बजे वह होटल के कमरे से बाहर निकले। देर रात तक न लौटने पर फोन किया तो मोबाइल बंद था।
खोजबीन के बाद पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी। सबका पासपोर्ट पति के पास ही है। इंस्पेक्टर कैंट शशिभूषण राय ने बताया कि लापता युवक की तलाश सीसीकैमरा फुटेज की मदद से की जा रही है।