रेलकर्मी अब अपनी सर्विस बुक, पदोन्नति और व्यक्तिगत विवरण अपने मोबाइल पर ही देख सकेंगे। कर्मचारियों की सुविधा के लिए पूर्वोतर रेलवे प्रशासन मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) तैयार कर रहा है। जल्द ही यह सिस्टम लागू हो जाएगा।
विज्ञापन
सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) के दिशा-निर्देशन में यह सिस्टम लागू किया जा रहा है। यह पूरी तरह ऑनलाइन होगा। इसके लिए क्रिस मोबाइल एप भी तैयार कर रहा है। रेलकर्मी अपने मोबाइल पर सारी जानकारी ले सकेंगे।
कर्मचारी सर्विस बुक, नियुक्ति, पदोन्नति, ट्रेनिंग, अवकाश, वेतन और सभी तरह की पर्सनल व पारिवारिक जानकारी हासिल कर सकेंगे। सर्विस बुक या वेतन आदि में किसी भी प्रकार की विसंगति होने पर उसका सुधार भी हो जाएगा। इस सिस्टम के तहत कर्मचारियों तक पहुंचाने के लिए छह डिजिट का एचआरएमएस कोड आवंटित किया जाएगा।
एचआरएमएस कोट एनईआर के पंकज कुमार सिंह के मुताबिक इससे पारदर्शिता आएगी। कर्मचारियों की समस्याओं और विसंगतियों का समाधान भी समय रहते हो जाएगा। गोरखपुर के कार्मिक विभाग ने 5381 कर्मचारियों का एचआरएमएस कोड बना दिया है।