गोरखपुर जिले में दो दिन में करीब 150 मिलीमीटर बारिश होने की वजह से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। कई इलाकों में पानी खतरनाक स्तर तक जा पहुंचा है। वार्ड 26 नरसिंहपुर वार्ड में ऐसे 15 घरों में एनडीआरएफ की टीम ने 34 लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
शुक्रवार को एनडीआरएफ को सूचना मिली थी कि नरसिंहपुर वार्ड में पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। पानी में काफी ज्यादा घर व लोग घिर आए हैं। कई घरों के लोगों ने तो दूसरी मंजिल पर शरण ली है। वहीं एक मंजिल मकान वाले लोगों की जान पर बन आयी है।
इसके बाद एनडीआरएफ की टीम इंस्पेक्टर सभाजीत यादव के नेतृत्व में 30 सदस्यीय टीम ने नरसिंहपुर में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर सभाजीत यादव ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय विधायक विपिन सिंह, नायब तहसीलदार सदर, राजस्व निरीक्षक प्रदुमन सिंह, स्थानीय लेखपाल उपस्थित थे। एनडीआरएफ टीम में मुख्य आरक्षी राजेंद्र, संजय सिंह, राम जनक चौरसिया एवं अन्य थे।