देवरिया जिला मुख्यालय से 11 किमी दूर मुड़ेरा बुजुर्ग चौराहे से शेरों के मुख वाला गेट से होकर जाने वाले मार्ग पर अहिलवार बुजुर्ग के निकट अहिल्यापुर देवी का स्थान नवरात्र में लोगों के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। पहले दिन से लेकर अंतिम दिन तक देवी के उपासक यहां आकर दर्शन पूजन एवं नारियल चुनरी चढ़ाकर मन्नतें मांगते हैं। मान्यता है कि आने वाले हर साधक की मनौतियों को देवी अवश्य ही पूरा करती हैं।
देवरिया व भटनी रेलवे स्टेशनों के बीच में पड़ने वाले अहिल्यापुर रेलवे स्टेशन से करीब तीन किमी आगे स्थित अहिल्यापुर दुर्गा मंदिर का इतिहास भी कम दिलचस्प नहीं है। यहां के बुजुर्ग बताते हैं कि आजादी के पूर्व तक आधी दुनिया जिस ब्रिटिश हुकूमत के आगे नतमस्तक थी, उस अंग्रेजी शासन को भी आदि शक्ति मां दुर्गा के समक्ष शीश झुकाना पड़ा।।