गोरखपुर नगर निगम के कर्मचारी अवैध पोस्टर- बैनर हटाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर में अवैध ढंग से लगाए गए सभी होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटाए जाने लगे हैं। बुधवार को अभियान के तहत शुरू किए गए इस कार्य में यूनीपोल पर लगे विज्ञापनों को भी हटाने का काम किया गया। पहले दिन एयरफोर्स से नौसड़ चौराहे तक अवैध होर्डिंग, बैनर हटाए गए। पूरी तरह से सफाई होने तक यह अभियान जारी रहेगा।
टेंडर की समय अवधि खत्म होने के बावजूद भी विज्ञापन एजेंसियों द्वारा होर्डिंग और यूनीपोल पर अवैध ढंग से विज्ञापन लगाए गए हैं। इससे नगर निगम को तो कोई आय नहीं हो रही है, लेकिन विज्ञापन एजेंसियों के वारे न्यारे हो रहे हैं। कई आउटडोर विज्ञापन एजेंसी नगर निगम को बिना टैक्स दिए हुए होर्डिंग, यूनीपोल लगाकर लाखों करोड़ों रुपये कमा रहीं हैं।
अमर उजाला ने विज्ञापन एजेंसियों की इन कारगुजारियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामले का संज्ञान लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश पर बुधवार से अवैध ढंग से लगाए गए तमाम विज्ञापनों को हटाने का काम शुरू कर दिया है।
अभियान के पहले दिन उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला के निर्देशन में एयरफोर्स स्टेशन से नौसड़ तक अवैध होर्डिंग और विज्ञापनों को हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान बलराम पांडेय, ज्ञानेंद्र सिंह के अलावा इंफोर्समेंट टीम मौजूद रही। बलराम पांडेय ने बताया कि इस दौरान सरकारी योजनाओं संबंधी विज्ञापनों को नहीं हटाया गया है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार अन्य सभी विज्ञापनों को हटा दिया जाएगा।