गोरखपुर जिले के पीपीगंज इलाके के भुईधरपुर स्थित ससुराल में एक महीने पहले फंदे से लटके मिले युवक के शव के मामले में नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब खामोश बैठी है। परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर के निवासी अनूप कुमार की ससुराल में मौत हुई थी। उनकी पत्नी से अनबन चल रही थी। 22 मार्च 2022 को पत्नी मायके चली गई थी। इसी दिन दोनों पक्ष में थाने में समझौता हुआ था।
16 अप्रैल को विदाई का तारीख तय हुई थी। लेकिन, समझौते के बाद अनूप पत्नी के साथ ससुराल चला गया। अगली सुबह अनूप कुमार का शव पंखे से लटकता मिला था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौत की वजह जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
पोस्टमार्टम में मौत की वजह सिर पर चोट आई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि, पीपीगंज थानेदार दुर्गेश कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टी हुई है, बाकी की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जा रही है।