गोरखपुर में सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारियों की काम में लापरवाही और गड़बड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। मोहद्दीपुर, सर्किट हाउस क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने काफी मात्रा में गंदगी देखी। क्षेत्र में तैनात मेठ शिव प्रसाद विश्वकर्मा के संबंध में पूछताछ की गई तो पता चला कि वह बिना सूचना और अवकाश के अपने गांव गए हैं। नगर आयुक्त ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
रविवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने गोरखनाथ मंदिर परिसर एवं बाहर का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़े मलबे को हटाए जाने के लिए संबंधित सुपरवाइजर को निर्देशित किया। इसी प्रकार अलहदादपुर, मोहद्दीपुर, पैडलेगंज सर्किट का भी निरीक्षण किया। यहां सड़क के किनारे कूड़े का मलबा पाया गया। उसे तत्काल उठाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, आशु लिपिक बृजेश तिवारी एवं सफाई निरीक्षक भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सिंघड़िया मोड़ स्थित जल निगम की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस द्वारा निर्माणाधीन नाला व संपवेल का निरीक्षण किया। मौके पर जलभराव से निपटने की पूरी व्यवस्था नजर आयी।
एक तरफ बारिश तो दूसरी तरफ नालों की ताबड़तोड़ सफाई
एक तरफ जहां प्री मानसून बारिश से शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव हो जा रहा है, वहीं नाला सफाई अभियान को और तेज कर दिया गया है। रविवार को आर्यन अस्पताल दाउदपुर, भरवलिया बुजुर्ग गांव व गोपलापुर, हाईडिल नहर रोड मोहरीपुर व पादरी बाजार चौक से शगुन मैरिज हाउस तक, रामजानकी नगर, उर्वरक नगर आदि के नालों की सफाई की गई। वहीं रविवार को महेवा, छोटेकाजीपुर, व महोदय झारखंडी टुकड़ा नंबर एक, मियां बाजार व नरसिंहपुर, बशारतपुर, मेडिकल कालेज, चरगावां, घोषीपुरवा, गोरखनाथ मंदिर परिसर आदि वार्डों में सैनिटाइजेशन किया गया।