गोरखपुर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) का टेक्नोलॉजी सेंटर बनेगा। एमएसएमई डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट कानपुर के निदेशक वीके वर्मा ने उद्योग विभाग के सहयोग से इसके लिए शहर में जगह की तलाश शुरू कर दी है। इस केंद्र के खुलने से जिले में स्थापित सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योगों को आधुनिक टेक्नोलॉजी, तकनीकी एवं कारोबारी सलाह उपलब्ध होगी साथ ही कुशल कारीगरों की उपलब्धता भी होगी।
दरअसल, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत रेडीमेड गारमेंट्स को गोरखपुर के लिए दूसरे उत्पाद के रूप में मंजूरी मिल गई है। इसके लिए गीडा प्रशासन की ओर से भी 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर को जोड़ने वाली लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारा बनाने की भी घोषणा हुई है। ऐसे में यहां फूड प्रोसेसिंग, रेडीमेड गारमेंट्स समेत कई तरह की औद्योगिक इकाइयां लगने की संभावना है। इसको देखते हुए सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय ने गोरखपुर में एक एक्सटेंशन सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया है।