गोरखपुर। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद (एमपीएसपी) के 93वें संस्थापक सप्ताह समारोह का शुभारंभ चार दिसंबर को सुबह 9:30 बजे से होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करेंगे, जबकि राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण (एसडीआरए) के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी मुख्य अतिथि होंगे।
सप्ताहभर चलने वाले इस समारोह में विविध प्रकार की अकादमिक और क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि और कार्यक्रम अध्यक्ष के संबोधन के बाद विद्यार्थियों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में एमपीएसपी के दर्जनों संस्थाओं के करीब चार हजार विद्यार्थी सम्मिलित होंगे।
शोभायात्रा की सलामी मुख्य अतिथि एसडीआरए के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी लेंगे। शोभायात्रा के दौरान अनुशासन, श्रेष्ठ पथ संचलन के साथ जन जागरण को प्रदर्शित करने वाली झांकियां और नारे मुख्य आकर्षण होंगे।
परिषद के संयुक्त मंत्री एवं गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए एक हजार से अधिक शिक्षक, कर्मचारी और स्वयंसेवक मुस्तैद रहेंगे। 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता तथा उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के मुख्य आतिथ्य में होने वाले समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों और एमपीएसपी की संस्थाओं के तहत श्रेष्ठतम संस्था, श्रेष्ठतम परिचारक, श्रेष्ठतम कर्मचारी, श्रेष्ठतम शिक्षक, स्नातकोत्तर-स्नातक-हाई स्कूल व इंटर के श्रेष्ठतम विद्यार्थी को स्मारक स्वर्ण पदकों से पुरस्कृत किया जाएगा।