देवरिया जिले के सदर कोतवाली के पड़री मल्ल के पास शनिवार की रात में घर लौट रहे बाइक सवार मां और दो बेटे कार की चपेट में आ गए। इसमें मां की मौत हो गई और उसके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के विजयपुर थाना क्षेत्र के बरसाना गांव निवासी नेहाल और फैयाज अपनी मां फरीदा खातून (50) पत्नी निजामुद्दीन को बाइक से लेकर रात में करीब 10 बजे घर जा रहे थे।
बाइक सवार सदर कोतवाली के पड़री मल गांव के सामने पहुंचे थे कि सामने से आ रही पुलिस लिखी कार ने टक्कर मार दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने फरिदा खातून को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी, कोतवाल राजू सिंह मौके पर पहुंच गए।